रायपुर में सूदखोरों से परेशान महिला ने पिया जहर:
रायपुर
राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र में ब्याज की रकम को लेकर कथित प्रताड़ना से परेशान एक महिला के जहर पीने का मामला सामने आया है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी रजिया बेगम ने जहर खा लिया। परिजनों का आरोप है कि रजिया पिछले कई वर्षों से ब्याज की रकम चुका रही थी। इसके बावजूद कुछ लोग कथित तौर पर उसके घर पहुंचकर पैसों को लेकर दबाव बनाते और परेशान करते थे। परिजनों के मुताबिक, लगातार हो रही इस कथित प्रताड़ना के कारण महिला मानसिक रूप से परेशान थी।
परिजनों के अनुसार, महिला ने जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। इसमें कथित तौर पर उन लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनसे वह परेशान थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला से करीब 6 तोला सोना लेने के बाद भी उसे लगातार परेशान किए जाने का आरोप है। हालांकि, सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौदहापारा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट में दर्ज नामों और महिला को कथित तौर पर परेशान किए जाने के आरोपों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही ब्याज की रकम, 6 तोला सोने और संबंधित पैसों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है। ब्याजखोरों पर स्थानीय लोगों ने जादू टोना करने का आरोप भी लगाया है।