क्राइम

रायपुर में विवाद के बाद युवक की हत्या:आरोपियों ने लकड़ी-ईंट से किया हमला, इलाज के दौरान मौत;

रायपुर

राजधानी रायपुर के सतनामी पारा कोटा में आपसी विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मृतक का नाम महेश धृतलहरे और आरोपियों का नाम तुषार महिधर उर्फ बाउ (19) और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका (25) बताया है।

पुलिस के मुताबिक, 7-8 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 12.20 बजे सतनामी पारा कोटा में बलदाउ के घर के पीछे महेश के साथ मारपीट की गई।

हमले में उसके सिर, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

महेश के भाई राजेन्द्र धृतलहरे ने पुलिस को बताया कि घटना की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान करीब 12.30 बजे मोहल्ले का बल्लू रात्रे उसके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाकर कहा कि महेश को बचा लो। इसके बाद राजेन्द्र अपने भाई दिनेश के साथ घटनास्थल पर पहुंचा।

मौके पर महेश गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि तुषार महिधर उर्फ बाउ और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका ने उसके साथ मारपीट की है।

महेश के सिर पर गंभीर चोट थी। हालत बिगड़ने के कारण वह ज्यादा बातचीत नहीं कर सका और कुछ देर बाद बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते महेश के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

Leave Your Comment

Click to reload image