रायपुर में लिव-इन पार्टनर ने की गर्लफ्रेंड की हत्या
रायपुर
राजधानी रायपुर में बीएड छात्रा की उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका के घरवालों ने आरोपी के खिलाफ हत्या की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान भारती नेताम और आरोपी की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है। यह मामला मुजगहन थाना के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है।
मुजगहन पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीने से कोंडागांव के सावंत बघेल के साथ बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत डीएलएड का छात्र है।
4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर अपनी बहन को बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर आना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए किराए और अन्य खर्च के लिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे थे।
लेकिन भारती गांव लौट पाती, उससे पहले ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मेकाहारा में लाश छोड़कर भागे आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में लिया गया है। मुजगहन निरीक्षक अमित कौशिक ने इसकी पुष्टि की है।