क्राइम

स्पाइडर मैन देखने गए युवक को हथौड़ी से मारा

जगदलपुर

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के झंकार टॉकीज में स्पाइडर मैन फिल्म देखने गए युवकों के एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। उसके सिर पर हथौड़ी और लात-घूंसों से हमला कर दिया। जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। युवक का कहना है कि, इंटरवल के दौरान दोनों दोस्त कैंटीन में नाश्ता लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचे और जानबूझकर टकराने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गालियां देते हुए हाथ, मुक्के और लात से मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि, मारपीट के दौरान एक युवक ने अचानक हथौड़ी से उसके और उसके दोस्त दंतेश्वर राव के सिर पर वार कर दिया। हमले में दोनों घायल होकर जमीन पर गिर गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

युवक ने अपने शिकायत में कहा है कि, जाते समय आरोपियों ने दोनों युवकों को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में सिद्धांत अवस्थी के सिर, दाहिने हाथ और पैर में चोट आई है, जबकि दंतेश्वर राव के सिर में चोट लगी है।

युवक की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image