क्राइम

मोटरसाइकिल के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग भिलाई 

भिलाईनगर, 04 अगस्त 2026

जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम नारधा में मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक अधेड़ ने गांव के ही युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जामुल थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 10:30 से 11:00 बजे के बीच ग्राम नारधा के सतनामी पारा निवासी अरविंद चतुर्वेदी (लगभग 50-52 वर्ष) ने गांव के ही भीषम गायकवाड़ (35 वर्ष) पर पेट सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चाकू से कई वार किए।

गंभीर रूप से घायल भीषम गायकवाड़ को तत्काल मुरमुंदा स्थित कर्मा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक भीषम गायकवाड़ ने आरोपी अरविंद चतुर्वेदी से एक मोटरसाइकिल ली थी। आरोपी काफी समय से बाइक वापस मांग रहा था, लेकिन बाइक नहीं लौटाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने आवेश में आकर चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना सबसे पहले डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद जामुल पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image