क्राइम

अफेयर के शक में हंसिए से पत्नी को काट डाला

दुर्ग-भिलाई

दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड-4 स्थित महामायापारा में रविवार सुबह अफेयर के शक में पति ने गुस्से में अपनी पत्नी पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, दुर्गा यादव (22) और घनश्याम यादव (25) की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी। उनका 6 महीने का एक बच्चा है, जो अब मां के साए से वंचित हो गया है। घनश्याम यादव शराब पीने का आदी है।

वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। परिवार के लोगों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार दुर्गा के साथ मारपीट कर चुका था। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने घर में रखे सब्जी काटने वाले हंसिया से पत्नी पर हमला कर दिया। उसने दुर्गा के माथे, गले और पीठ पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, ज्यादा खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image