क्राइम

टपरी पर चाय पी रही लड़की को जबरन KISS-किया

दुर्ग-भिलाई

छत्तीसगढ़ के भिलाई में पढ़ाई कर रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई है। चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे युवक ने अचानक गला पकड़ा और जबरन गाल पर किस कर दिया। छात्रा ने आरोपी से बचने की कोशिश की, इस दौरान वह कुर्सी से नीचे गिर गई।

शोर सुनकर दोस्त और सहेली बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने सहेली से भी मारपीट कर दी। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और स्मृति नगर में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उसने पुलिस को बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेली और दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास चाय की टपरी पर बैठी थी।

इसी दौरान हेमंत छत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और अचानक दोनों हाथों से उसका गला पकड़ लिया। इसके बाद उसने जबरदस्ती उनके बाएं गाल पर किस कर दिया। पीड़िता ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह कुर्सी से नीचे गिर गई।

पीड़िता ने स्मृति नगर चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

ASP मणि शंकर चंद्रा ने कहा कि पीड़ित छात्रा की शिकायत पर हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image