उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तस्कर को सरिया पुलिस ने दबोचा, 3.60 लाख रुपये का माल जब्त..
सारंगढ़-बिलाईगढ़//
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरिया पुलिस ने उड़ीसा से कार के जरिए गांजा लेकर आ रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल समेत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक CG 10 NB 5290) में सवार व्यक्ति उड़ीसा के कुमो क्षेत्र से ग्राम केनाभांठा और कंठीपाली के रास्ते सारंगढ़ की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर ग्राम कंठीपाली स्थित अटल चौक के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम गोपाल साहू (27 वर्ष), पिता आनंद राम साहू, निवासी ग्राम कपिस्दा 'ब', थाना सारंगढ़ बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बीच वाली सीट के नीचे खाकी रंग के टेप से लिपटे पांच पैकेट गांजा बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा के जयपुर निवासी अर्जुन से 20 हजार रुपये में गांजा खरीदकर लाया था और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, वैगनआर कार और एक रियलमी मोबाइल सहित कुल 3 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सहायक उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, पीएसआई गजेन्द्र कुमार चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक दिलीप स्नेही, खेमलाल चौहान, गीता भास्कर तथा साइबर सेल सारंगढ़ से सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।