क्राइम

रसोइया ही निकला 70 लाख की चोरी का मास्टरमाइंड:

रायपुर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कारोबारी के घर से 70 लाख रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने 6 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घरेलू रसोइए और उसके साथी को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपी घर से कैश, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के और अन्य कीमती सामान चोरी कर ट्रेन से फरार होने की कोशिश में थे।

परिवार ने युवक को 12 दिन पहले ही काम पर रखा था। युवक बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, अशोका आइकन मोवा निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि, 26 जुलाई को वे परिवार के साथ नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका घरेलू रसोइया महेंद्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई से काम पर रखा गया था।

शाम करीब 7 बजे लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर टूटे हुए थे। कैश, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और जरूरी दस्तावेज गायब थे। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महेंद्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण में पता चला कि, दोनों आरोपी शहर से होते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से समन्वय स्थापित किया। आरपीएफ नागपुर की मदद से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपए कैश, सोने के जेवर, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान सहित करीब 70 लाख रुपए का पूरा मशरूका बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पंडरी थाना में अपराध क्रमांक 212/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave Your Comment

Click to reload image