दिव्यांग युवती से बलात्कार का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार,
ईमरान खोखर बिहान ब्यूरो चीफ
लालपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में लालपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म करने वाला आरोपी सोनू उर्फ जगन बघेल जेल भेजा गया
ग्राम बेलसरा (जिला बिलासपुर) से आरोपी को किया गया गिरफ्तार
थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 119/26 (धारा 64(1), 64(2) बी.एन.एस.) के तहत की गई कार्रवाई
घटना का विवरण
थाना लालपुर क्षेत्र में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 12:00 बजे वह अपनी पत्नी के साथ खेत में काम करने गया हुआ था। घर पर उसकी छोटी बेटी अकेली थी, जो दाहिने हाथ और दाहिने पैर से दिव्यांग है। दोपहर करीब 2:00 बजे जब प्रार्थी और उसकी पत्नी घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी पुत्री जमीन पर बैठकर रो रही थी। उसने बताया कि पड़ोस के रहने वाले सोनू उर्फ जगन बघेल ने घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लालपुर पुलिस टीम ने तुरंत जांच आगे बढ़ाई। पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण और कथन दर्ज करने के साथ गवाहों के बयान लिए गए।
आरोपी सोनू उर्फ जगन बघेल की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। 26 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बेलसरा (जिला बिलासपुर) में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 27 वर्षीय सोनू उर्फ जगन बघेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 27 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले (प्रभारी, साइबर सेल), सहायक उप निरीक्षक सीमा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कुर्रे, आरक्षक देवेंद्र नागरे, जाशल नेताम, गुलाब रात्रे और महिला आरक्षक अनिता नेताम की प्रमुख भूमिका रही।