क्राइम

जमीन बंटवारे की रंजिश ने लिया हिंसक रूप, बड़े भाई पर जानलेवा हमला, दो सगे भाई गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 26 जुलाई 2026

जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिसोरा में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश हिंसक झड़प में बदल गई। बड़े भाई के साथ मारपीट, गला दबाने, जान से मारने की धमकी देने और कथित रूप से बंधक बनाने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार कश्यप (65 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 मई 2024 को चारों भाइयों के बीच पैतृक जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन उनके छोटे भाई संतुराम कश्यप (53 वर्ष) और छोटेलाल कश्यप (45 वर्ष) इस बंटवारे को स्वीकार नहीं कर रहे थे और उसी बात को लेकर रंजिश रखते थे।


24 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे संतोष कुमार अपने दामाद के साथ मोटरसाइकिल से शिवरीनारायण जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दोनों भाइयों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद छोटेलाल ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर वार किया, जबकि संतुराम ने उन्हें जमीन पर गिराकर गला दबाया और लात-घूंसों से मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, आरोपी उन्हें अपने घर ले गए और साड़ी के कपड़े से हाथ-पैर बांध दिए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को मुक्त कराया।


पुलिस ने मामले में थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 127(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image