जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: कार्यालय बुलाकर धारदार हथियार से हमला, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार पुराने जमीन विवाद को लेकर योजनाबद्ध हमले का आरोप, कार-बाइक और धारदार हथियार जब्त
विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई
दुर्ग, 26 जुलाई 2026
मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद और लेन-देन को लेकर हुए हिंसक संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रार्थी पक्ष को हिसाब-किताब के लिए कार्यालय बुलाने के बाद योजनाबद्ध तरीके से धारदार हथियार और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया। घटना में नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे प्रार्थी विनय कुमार सिंह अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ देवभूमि लेआउट स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां जमीन के लेन-देन और पुराने हिसाब-किताब को लेकर बातचीत होनी थी।
इसी दौरान वहां पहले से मौजूद लोगों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विजय मेनन और उसके साथियों ने धारदार हथियार एवं हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों को चोटें आईं। गंभीर चोट लगने के कारण नरेंद्र सिंह मौके पर बेहोश होकर गिर पड़े।
24 घंटे के भीतर पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना मोहन नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 24 घंटे के भीतर मामले से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ एवं आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 07 CP 6008, एक मोटरसाइकिल और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।
पुराने जमीन विवाद को लेकर हमले का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते प्रार्थी पक्ष को हिसाब-किताब के बहाने कार्यालय बुलाया गया और वहां सामूहिक रूप से हमला किया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 115(2), 296, 351(3), 61(2) एवं 111 के तहत कार्रवाई की है।
मामले में पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।