क्राइम

धमतरी में दिनदहाड़े युवक की धारदार हथियार से हत्या

धमतरी

धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में बुधवार (22 जुलाई) को दिनदहाड़े एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी पुल के पास हुई। युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया।

मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27), निवासी ग्राम कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है। वह पेशे से पिकअप वाहन चालक था। बताया जा रहा है कि वह अपने वाहन से कहीं जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। गले पर कई गहरे वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। हत्या के बाद ग्राम नारी और आसपास के इलाकों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image