दोस्त को स्कूटी समेत जलाया, 7 दिन बाद मौत
रायपुर में सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास खाली मैदान में विवाद के बाद युवकों ने कथित तौर पर अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक उसे शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गए थे। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। 7 दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। रिश्तेदारों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।
DCP रोबिनसन गुड़िया के मुताबिक, दोस्त स्कूटी जलाने गए थे। इस दौरान युवक जल गया। इस मामले में जांच जारी है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
युवक का नाम मोहम्मद शाकिब (22) है। परिवार वालों का कहना है कि रामसागर पारा का रहने वाला सोनू (18) उसके स्कूल का दोस्त है। 12 जुलाई की शाम वह शाकिब को शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था।
आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद शाकिब और उसकी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि मौके पर उसकी बाइक भी जलकर खाक हो गई।
मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि, सोनू और मेरे भाई का बहुत पहले गाड़ी की बात पर झगड़ा हुआ था। दोनों की बातचीत भी बंद थी। सोनू बहुत गुस्से वाला लड़का है, वह अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर सकता। मेरे भाई को भी वे लोग अपने साथ ले गए।
बाद में हमें फोन कर बताया कि आपका भाई जल गया है। मुकेश ने कहा कि मेरी गलती है, मेरी गलती से वह जल गया।
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि शाकिब स्कूटी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे शाकिब को अस्पताल पहुंचाया।
वहां 7 दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, सोनू ब्लिंकिट में काम करता था और वह शाकिब को भी काम के लिए फोर्स कर रहा था। घर वालों ने इस काम के लिए मना किया था।
शाकिब के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटनास्थल का भी ठीक से निरीक्षण नहीं किया गया और मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी रही।
शाकिब की मौत के बाद रविवार दोपहर से रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने में डटे हुए हैं। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।