पुलगांव में नाले किनारे जंगल में मिला लापता महिला का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान
विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई
दुर्ग, 18 जुलाई 2026
दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में नाले के किनारे जंगलनुमा इलाके में 55 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं, अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की बात पुलिस ने कही है।
नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मैहर ने बताया कि मृतका की पहचान भगवंतीन बाई (55 वर्ष), निवासी उरला के रूप में हुई है। महिला गुरुवार से घर से लापता थीं। परिजनों द्वारा शुक्रवार सुबह उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसी बीच शुक्रवार दोपहर पुलिस को पुलगांव नाले के किनारे जंगलनुमा क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी भेज दिया है।
सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल एवं शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को हत्या की आशंका है। मामले में किसी अन्य आपराधिक घटना की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीएसपी हर्षित मैहर के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इसके साथ ही मृतका के परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उनकी अंतिम गतिविधियों और संपर्क में आए लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की परतें खोली जाएंगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन विवेचना में जुटी हुई है।