क्राइम

पहले मर्डर, फिर लाश से रेप, टुकड़े-टुकड़े किए

बेमेतरा

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में 6 जुलाई को 50 साल की महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। उसके साथ उसी के गांव के 42 साल के रामप्रसाद सोनवानी ने पहले रेप की कोशिश की, विरोध करने पर मर्डर किया, फिर उसके लाश के साथ रेप किया, बाद में शव के टुकड़े-टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।

आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी हत्या के मामले में पहले भी जेल गया है। एसपी त्रिलोक बंसल ने बताया कि मृतका 7 जुलाई को अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद चंदनू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 9 जुलाई को मृतका के बेटे को अमरैया नाला और शिवनाथ नदी किनारे पानी में साड़ी में बंधी एक गठरी मिली। गठरी खोलने पर मां का धड़ मिला, जबकि दूसरी गठरी में कटे हुए हाथ और पैर थे। शव सड़ी-गली अवस्था में था।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने घर में रखी लकड़ी काटने वाली आरी से शव के दोनों हाथ और दोनों पैर काट दिए। शव के इन हिस्सों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर आरोपी ने अपनी झोपड़ी में रखा। अगली रात उसने इन गठरियों को शिवनाथ नदी के पास फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मृतका के घर में रखे झोले से 2500 रुपए भी निकाल लिए थे। पूछताछ में उसने बताया कि 2000 रुपए खर्च कर दिए, जबकि 500 रुपए पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद किए हैं।

इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए पुलिस ने मॉर्डन और पारंपरिक दोनों तरीकों का सहारा लिया। ड्रोन कैमरा, नाव और सर्च लाइट की मदद से इलाके की गहन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।

लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी पर गया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image