क्राइम

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला आरोपित गिरफ्तार

महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने का दावा कर अभ्यर्थियों से वसूली, फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र तैयार कर करता था धोखाधड़ी।

रायपुर

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपित को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नियुक्ति कराने का भरोसा देता था और इसके एवज में बड़ी रकम वसूलकर अभ्यर्थियों को फर्जी चयन सूची तथा नियुक्ति पत्र सौंपता था। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद इमरान कादरी (37) को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।

पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके विरुद्ध जुआ और ठगी से संबंधित कुल आठ प्रकरण रायपुर के सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपित मूलतः रायपुर के पेंशनबाड़ा क्षेत्र का निवासी है। वर्तमान में वह धरसींवा थाना क्षेत्र के परसतराई रोड स्थित एक पते पर रह रहा था।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी, भर्ती या चयन कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि का भुगतान न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आर्थिक अपराध और भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image