नंबर ब्लॉक करने पर नर्सिंग छात्रा का मर्डर:
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में 19 साल की नर्सिंग छात्रा की युवक ने हत्या कर दी। खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी वह भिलाई में PG में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी पिंटू साहू उससे एकतरफा प्यार करता था।
वह पिछले करीब एक महीने से उसे अलग-अलग नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था, जिससे खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी रायपुर से भिलाई पहुंचा और उसके कमरे में घुसकर मार डाला।
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार का रहने वाला पिंटू साहू (24) बेरोजगार है। शुक्रवार (10 जुलाई) सुबह उसने खुशी साहू (19) को दो बार कॉल किया था। खुशी ने उसका नंबर पहले ही ब्लॉक कर रखा था, इसलिए बात नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपी ने खुशी की सहेली को फोन किया।
सहेली ने पिंटू को बताया कि खुशी के पास मोबाइल नहीं है। इसके बाद आरोपी बाइक से सीधे खुशी के रामनगर स्थित किराए के कमरे पर पहुंच गया। उस समय खुशी की सहेली बाथरूम में नहाने गई थी। कमरे में खुशी अकेली थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने खुशी से विवाद किया। उसने खुशी का गला दबा दिया। गला दबाने से खुशी बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने चाकू से उसकी पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए।
गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने से खुशी की मौत हो गई।
पुलिस जांच में पता चला है कि खुशी ने करीब एक हफ्ते पहले अपने भाई को पिंटू के बारे में बताया था कि एक युवक लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने 2 दिन पहले खुशी के भाई को भी धमकी दी थी।
इसके अलावा उसने उस कैफे संचालक को भी धमकाया था, जहां खुशी पार्ट टाइम नौकरी करती थी। पिंटू चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़ दे और उससे शादी करे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। हत्या के बाद वह रायपुर भाग गया था। पुलिस ने उसकी तलाश कर बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे घटना स्थल पर लाकर सीन रिक्रिएट कराया गया।