होटल अमृतसरी पर निगम का बड़ा शिकंजा, सीलबंद कर लगाया 1 लाख का जुर्माना
गंदगी, नियमों के उल्लंघन और बकाया राशि पर सख्त कार्रवाई; अतिक्रमण व अव्यवस्था फैलाने वालों पर भी चला निगम का डंडा।
रायपुर
राजधानी में स्वच्छता और राजस्व वसूली को लेकर रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी को सीलबंद कर दिया। निगम की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान होटल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। साथ ही होटल संचालक पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में भारी गंदगी पाई गई। इसके अलावा सड़क पर किचन संचालित किया जा रहा था, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी हो रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि खाद्य सामग्री को अस्वास्थ्यकर और असुरक्षित वातावरण में रखा गया था, जो स्वास्थ्य संबंधी नियमों का खुला उल्लंघन है। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए निगम ने होटल को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया।
इसी क्रम में नगर निगम के जोन-4 क्षेत्र में विशेष अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें स्वच्छता और नियमों के उल्लंघन के मामलों में 17 दुकानों पर कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले 25 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाने तथा बकाया राजस्व की वसूली के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से नियमों का पालन करने तथा स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील भी की है।