क्राइम

24 घंटे में सुलझा धान चोरी का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार कृष्णा राइस मिल से चोरी हुए 108 कट्टा धान बरामद, दो पिकअप वाहन भी जब्त; 10.82 लाख रुपये की मशरूका बरामद।

रायपुर/तिल्दा 

तिल्दा-नेवरा स्थित कृष्णा राइस मिल से धान चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया 108 कट्टा धान तथा वारदात में इस्तेमाल दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 10 लाख 82 हजार रुपये आंकी गई है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर परवाना देवार, जितेंद्र निषाद, रजत वर्मा और सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने धान चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद धान को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सभी 108 कट्टा धान बरामद कर लिया। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त दो पिकअप वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे भी जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस वारदात में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं रही। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि बड़ी मात्रा में चोरी गया धान भी बरामद कर लिया गया, जिससे मिल संचालक को राहत मिली है।

Leave Your Comment

Click to reload image