नंदिनी पत्थर खदान में डूबे 13 वर्षीय बालक का शव बरामद, 50 फीट गहरे पानी में एसडीआरएफ का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई
दुर्ग, 12 जून 2026।
नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित एक पत्थर खदान में डूबे 13 वर्षीय बालक का शव शुक्रवार को एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग के माध्यम से प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया।
खदान में पानी की गहराई लगभग 50 फीट होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जघेल ने गहरे पानी में उतरकर सघन खोजबीन की। काफी प्रयासों के बाद बालक का शव पानी से बाहर निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए नंदिनी पुलिस को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान आयुष मार्कंडेय (13 वर्ष) पिता नंदकुमार मार्कंडेय, निवासी पथरिया खदान के रूप में हुई है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे क्षेत्र में शोक का वातावरण व्याप्त है।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप जघेल, हबीब खान, राजेश नेताम, भानुप्रताप, थानेश्वर, आशीष, शारदा एवं राजेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की तत्परता और पेशेवर दक्षता के चलते कठिन परिस्थितियों में भी अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर जलभराव वाले खदान क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि परित्यक्त खदानों एवं गहरे जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें।