मुंगेली: शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ
मुंगेली पुलिस की महिला संबंधी प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही
जरहागाँव: मुंगेली एसएसपी श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना जरहागांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण
पीड़िता ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी अरूणेश उर्फ गोलू प्रजापति (33 वर्ष, निवासी कुम्हारपारा, बरेला) ने 25 फरवरी 2017 से उसे शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टाल-मटोल करता रहा।
आरोपी ने 4 मई 2026 को किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया। इसके बावजूद, वह पीड़िता का पीछा करता रहा और 22-23 मई 2026 को उसके किराये के मकान में जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता की शिकायत पर थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 77/26, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में मामले की जांच शुरू की गई। प्रकरण में SC/ST एक्ट की धाराएँ भी जोड़ी गईं, जिसकी विवेचना उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह (अजाक) द्वारा की गई।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए और पीड़िता के कथन व स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत आज, 25 मई 2026 को आरोपी अरूणेश उर्फ गोलू प्रजापति को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रमुख भूमिका
इस कार्यवाही में उप निरीक्षक श्रीमती शोभा यादव (प्रभारी, थाना जरहागांव), सहायक उप निरीक्षक लव सिंह ध्रुव और आरक्षक उमेश सोनवानी की अहम भूमिका रही।