क्राइम

"गौरव पथ पर रात में स्कूटी सवार युवक से लूट, जान से मारने की धमकी

तीन युवकों ने लूट की वारदात को दिया अंजाम, 4 हजार और आधार कार्ड छीना

भिलाईनगर:24 मई 2026: वैशाली नगर थाना क्षेत्र में देर रात काम से घर लौट रहे एक व्यक्ति को तीन युवकों ने रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर नगद राशि और आधार कार्ड छीन लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वैशाली नगर पुलिस के अनुसार प्रार्थी उमेश सिंह परमार, उम्र 45 वर्ष, सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खन्ना किराना दुकान में काम करता है, जबकि शाम से रात तक सिविक सेंटर स्थित सोनू तंदूर में कार्यरत है।

शिकायत में बताया गया कि 22 और 23 मई 2026 की दरमियानी रात करीब 1 बजे काम खत्म कर वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG07CP4157 से जवाहर नगर स्थित घर लौट रहा था। रात लगभग 1:30 बजे जब वह पुरानी पुलिस चौकी वैशाली नगर के पास गौरव पथ सुंदर नगर पहुंचा, तभी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पीछे से आए और उसकी स्कूटी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया।

प्रार्थी के मुताबिक आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए नीचे उतार दिया। इसी दौरान एक युवक ने बाकी दोनों को “सूरज” और “गोपी” नाम लेकर उसकी तलाशी लेने को कहा। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसकी शर्ट और पेंट की जेब की तलाशी लेकर 4 हजार रुपये नगद और आधार कार्ड निकाल लिया।

जब प्रार्थी ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने धमकी दी कि विरोध करने पर उसे वहीं खत्म कर देंगे। इसके बाद तीनों युवक लाल रंग की बाइक में बैठकर फरार हो गए। जाते समय एक युवक को “मयंक” नाम से पुकारा गया।

प्रार्थी ने बताया कि आरोपियों के भागते समय उसने बाइक का नंबर CG07CP6297 नोट कर लिया। घटना से भयभीत होकर वह सीधे घर चला गया और अगले दिन थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

दुर्ग पुलिस के अनुसार वैशाली नगर थाना में अपराध क्रमांक 0191/26 दर्ज कर आरोपी सूरज, मयंक और गोपी की खिलाफ धारा 126/2,3/5और 309/4 बी एन एस के तहत मामला कायम कर विवेचना की जा रही है

Leave Your Comment

Click to reload image