क्राइम

कांकेर में जाली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, 6.50 लाख के नकली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार*

कांकेर। कांकेर जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नए बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 500-500 रुपये के कुल 6 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।

घर पर ही लगा रखी थी नोट छापने की फैक्ट्री

कांकेर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कांकेर निवासी युगल नाग के रूप में हुई है। आरोपी पिछले छह महीनों से अपने ही घर में नकली नोट छापने का अवैध कारोबार चला रहा था। वह हाई-टेक मशीनों की मदद से एक ही पेज पर दोनों तरफ हूबहू असली जैसे दिखने वाले कई नोट प्रिंट करता था और फिर उन्हें कटर से बेहद बारीकी से काटता था। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटर, कलर प्रिंटर, स्कैनर और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।

कर्ज और नशे की लत ने बनाया अपराधी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युगल नाग भारी कर्ज में डूबा हुआ था और वह गंभीर नशे का आदी भी है। अपने कर्ज को चुकाने और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने शॉर्टकट रास्ता चुना। आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और वह इस जाली करेंसी को स्थानीय बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खपाने की फिराक में था।

कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस जाली नोट सिंडिकेट के तार अन्य जिलों या राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। आरोपी ने अब तक बाजार में कितने नकली नोट खपाए हैं और इस साजिश में उसके साथ कौन-कौन शामिल है, इसकी कड़ाई से जांच की जा रही है

Leave Your Comment

Click to reload image