रिश्तों में घुली रंजिश बनी मौत की वजह रायपुर में जीजा ने साले पर चापड़ से किया हमला, मौके पर हुई मौत
रायपुर । रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम सरोरा में रहने वाले एक युवक की उसके ही जीजा ने चापड़ मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक गिरधर गोपाल और उसका जीजा प्रकाश साहू के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रकाश साहू अपनी ससुराल में रह रहा था, जिसे लेकर गिरधर अक्सर उसे ताने देता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। परिवार के लोगों ने पहले भी दोनों को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन मनमुटाव लगातार बढ़ता गया।
बताया गया कि 13 मई की रात दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर प्रकाश साहू ने रिंग रोड नंबर-2 स्थित साहू पान ठेला के पास अपने साले गिरधर गोपाल पर चापड़ से हमला कर दिया। गंभीर वार लगने से गिरधर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी प्रकाश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में इस्तेमाल चापड़ भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और आपसी तनाव हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।