क्राइम

टाटीबंध में ट्रेलर से अफीम-डोडा बरामद पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक का मादक पदार्थ और वाहन जब्त

रायपुर । राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमानाका थाना पुलिस ने टाटीबंध इलाके में कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अफीम और भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया है। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों, मोबाइल फोन और ट्रेलर वाहन सहित कुल करीब 15 लाख 25 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम जोन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने एक ट्रेलर चालक प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर को रोक लिया गया।

पुलिस ने ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 की तलाशी ली, जिसमें 79.30 ग्राम अफीम और 4 किलो 432 ग्राम डोडा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलराम सिंह (55 वर्ष) निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल रायपुर के कबीर नगर इलाके में रह रहा था। पूछताछ में उससे मादक पदार्थों के नेटवर्क और सप्लाई चेन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और यह खेप कहां से लाई गई थी।

आमानाका थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image