PWD कर्मी के घर में घुसकर मारपीट, शिकायत के बाद भी FIR नहीं
भानुप्रतापपुर.
भानुप्रतापपुर में ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश
भानुप्रतापपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) भानुप्रतापपुर में पदस्थ डीए सूरज कुमार साहू के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि अंतागढ़-नारायणपुर सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी ठेकेदार कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि सरकारी कर्मचारी के साथ हाथापाई भी की। घटना के समय परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिससे वे भय और दहशत में आ गए। पीड़ित सूरज कुमार साहू ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मामला सड़क निर्माण कार्य और विभागीय प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि एक सरकारी कर्मचारी अपने ही घर में सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
वहीं, शिकायत के कई दिन बीत जाने के बाद भी FIR दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।