रायपुर में पर्स स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश चलती बाइक से महिलाओं को बनाते थे निशाना, दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर
राजधानी रायपुर में महिलाओं से पर्स छीनने की लगातार घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पर्स स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती दोपहिया वाहन से महिलाओं को निशाना बनाकर झपट्टा मारते थे और वारदात के बाद तेजी से फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने थाना डीडी नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। पहली घटना में एक महिला सड़क से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसका हैंडबैग छीन लिया। बैग में नगदी रकम, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
वहीं दूसरी घटना में एक्टिवा सवार महिला को आरोपियों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने चलते वाहन से महिला का पर्स झपट लिया, जिससे महिला संतुलन खोकर सड़क पर गिर गई और घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच की और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी ईशांत नेगी और शौर्य सिंह उर्फ देवा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पर्स स्नेचिंग की वारदातों को कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, महिलाओं के पर्स, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक जब्त की है।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।