क्राइम

रायपुर में कोकीन भेजने वाले नाइजीरियन सिंडिकेट के तस्कर गिरफ्तार

रायपुर में कोकीन भेजने वाले नाइजीरियन सिंडिकेट के तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर नाइजीरियन सिंडिकेट के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपए नकद, 5 आईफोन, 3 चेकबुक समेत करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। यह नेटवर्क नाइजीरिया से संचालित होकर देश के विभिन्न राज्यों में कोकीन की सप्लाई कर रहा था।

यह गिरोह कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर से रायपुर समेत दूसरे शहरों में भेजता था, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम सन्नी शर्मा (तिलक नगर, दिल्ली) और तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स (नाइजीरिया) हैं।

यह कार्रवाई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

मामले का खुलासा 19 मार्च 2026 को हुआ, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल के पास कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से 2.27 लाख रुपए की कोकीन, एक चारपहिया वाहन और आईफोन जब्त किया गया था। कुल जब्ती की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक आंकी गई थी।

पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी को ड्रग्स की सप्लाई एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए हो रही थी। यह गिरोह दिल्ली से संचालित हो रहा था और कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के माध्यम से रायपुर सहित अन्य शहरों में भेजता था, ताकि किसी को शक न हो।

इनपुट मिलने के बाद रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई। वहां तिलक नगर क्षेत्र में दबिश देकर भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की।

जांच में यह भी सामने आया कि नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नामक व्यक्ति इस पूरे सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। वहीं, सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों का इस्तेमाल कमीशन के बदले ड्रग्स की रकम के लेन-देन के लिए करता था।

Leave Your Comment

Click to reload image