रायपुर में चिट्टा तस्कर गिरफ्तार
-:रायपुर में चिट्टा तस्कर गिरफ्तार 3 लाख का माल बरामद:-
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 लाख रुपए का चिट्टा, थार और मोबाइल बरामद किए गए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने 2 और आरोपी को अरेस्ट किया है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी का खुलासा किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक सिंह, खालिद और दीपक कोसरिया के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस के अधिकारी जल्द जानकारी देंगे।
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक थार गाड़ी में कुछ युवक चिट्टा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें 18.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
इसकी कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा एक थार वाहन (CG 04 VU 9904) और 4 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। बरामद मोबाइल की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से शहर में नशे की सप्लाई में सक्रिय था और युवाओं को निशाना बनाकर चिट्टा बेचता था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार की जा रही कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।