क्राइम

रेलवे महिला अफसर सुसाइड केस...पति गिरफ्तार:

बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रेलवे महिला अफसर सुसाइड केस में पुलिस ने उसके पति को पकड़ा है। जांच में पता चला है कि ओब्रे हेल (40 साल) के दूसरी महिला से अवैध संबंध और मारपीट से तंग आकर विनीता साहनी (37 साल) ने आत्महत्या की थी।

मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। विनिता साहनी नेशनल बास्केट बॉल प्लेयर और रेलवे की कॉमर्शियल इंस्पेक्टर थी। ओब्रे के साथ उन्होंने लव मैरिज की थी। दोनों रेलवे परिक्षेत्र के एनई कॉलोनी में रहते थे। उसने 6 अप्रैल 2024 को फांसी लगा ली।

बेटी के सुसाइड के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि ओब्रे ने पैसे देखकर उसकी बेटी से शादी की थी। हालांकि उसके दूसरी महिला से संबंध की भी बात सामने आई। परिजनों के बयान और मोबाइल पर मिले सबूत के आधार पर घटना के एक साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामले की जांच में पता चला कि विनीता ने सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र के ओब्रे हेल (40) के साथ प्रेम विवाह किया था। पति आब्रे हेल ने मामले को डायवर्ट करने के लिए शुरूआती जांच में डिपार्टमेंट के सीनियर अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप का आरोप लगाया।

लेकिन, जब विनीता के परिजन दिल्ली से बिलासपुर आए तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। उनका कहना था कि ऑफिशियल दिक्कत होती तो वो जरूर बताती।

विनीता के पिता और परिजनों ने पुलिस को बताया था कि ओब्रे हेल ने पैसों की लालच में उसे प्रेमजाल में फंसाया था। जिसके बाद उससे शादी कर ली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति का दूसरी महिलाओं से संबंध होने की बात को लेकर विनीता से अक्सर विवाद होता रहता था।

ओब्रे उसके साथ मारपीट भी करता था। ओब्रे बेरोजगार था। विनीता के कहने पर परिजनों ने उसे जिम खोलकर दिया। नुकसान होने पर दूसरे व्यवसाय के लिए भी पैसे दिए। लेकिन उसे भी उसने अय्याशी में खर्च कर दिया। इन आरोपों के बाद भी पुलिस एक साल तक इस गंभीर मामले को दबाए बैठी रही। इधर, पुलिस ने जब विनीता साहनी के मोबाइल की जांच कराई तो उसमें ओब्रे हेल द्वारा विनीता से मारपीट के साक्ष्य मिले। सिटी कोतवाली सीएसपी व आईपीएस अक्षय साबद्रा ने कहा कि परिजनों के बयान और मामले की जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पति ओब्रे हेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image