गाड़ी चोरी करने वाला इंजीनियर गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों से एक दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल वर्मा (33) के रूप में हुई है, जो B.Tech डिग्रीधारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक, शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम बनाई गई थी। टीम को वाहन चोरी पर अंकुश लगाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
जांच के दौरान टीम ने चोरी वाले स्थानों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने नियमित गश्त, तकनीकी जांच और सूचना इकट्ठा करके उन इलाकों की पहचान की, जहां सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी हो रहे थे।
पहले भी चोरी की गाड़ी के साथ हो चुका गिरफ्तार
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहा है, इन दिनों अलग-अलग दोपहिया वाहनों से घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सबूत मिलने के बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 बाइक चोरी करना कबूल कर लिया।