क्राइम

रायपुर पुलिस का इंटरस्टेट ऑपरेशन: ओ एल एक्स ठगी गिरोह के आरोपी बिहार से गिरफ्तार ऑनलाइन कैमरा खरीदने के नाम पर महिला से ₹2 लाख की ठगी, समस्तीपुर में दबिश देकर आरोपियों को दबोचा

रायपुर । राजधानी रायपुर की रायपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। ओ एल एक्स  के माध्यम से ठगी करने वाले आरोपियों को बिहार के समस्तीपुर जिले में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।

मामले के अनुसार, एक महिला ने OLX पर कैमरा खरीदने के लिए संपर्क किया था। इसी दौरान आरोपियों ने स्वयं को “ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर” बताकर महिला को अपने जाल में फंसा लिया। विश्वास दिलाने के बाद आरोपियों ने अलग-अलग UPI आईडी के माध्यम से कुल ₹2,00,000 की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन बिहार के समस्तीपुर में मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने वहां दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह पूरा ऑपरेशन डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। वहीं एडिशनल डीसीपी राहुल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना पुरानी बस्ती और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें।

Leave Your Comment

Click to reload image