रायपुर में चेन स्नेचिंग करने वाले महिला गैंग गिरफ्तार
-:रायपुर में चेन स्नेचिंग करने वाले महिला गैंग गिरफ्तार लग्जरी कार में घूम-घूमकर करते थे वारदात, 4 राज्यों में सक्रिय गिरोह
पुलिस ने बस स्टैंड से दबोचा:-
राजधानी रायपुर में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गैंग मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से लग्जरी वाहन में सवार होकर देशभर के अलग-अलग शहरों में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को पकड़ा है, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों का नाम पुलिस द्वारा इंदौर निवासी संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, और अभय हतागले को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में चंगोराभाठा बाजार से 66 वर्षीय महिला की सोने की चेन झपट ली गई। पीड़िता निर्मला वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराती दिखीं और मौका पाकर चेन चोरी करती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध इनोवा वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास देखा गया है। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। पूछताछ में वे गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।
एक दर्जन से ज्यादा वारदात की रायपुर में
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर में एक दर्जन से अधिक वारदातें कर चुके हैं। इसके अलावा गिरोह ने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में भी चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है।
चेन सहित गाड़ी और कटर जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपए नकद, 1 सोने की चेन, 1 कटर, 4 मोबाइल फोन और एक इनोवा कार (MP-09-BP-1064) जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 11.30 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की चेन बेचकर ही यह लग्जरी वाहन खरीदा था। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।