क्राइम

रायपुर में रहेजा बिल्डर की साइट पर मजदूर जिंदा दफन

-:रायपुर में रहेजा बिल्डर की साइट पर मजदूर जिंदा दफन:काम के दौरान धंसी मिट्टी, दम घुटने से गई जान; परिजन बोले-बीमारी की सूचना दी:-

राजधानी रायपुर में बिल्डिंग निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर की मौत हो गई। कंसट्रक्शन का काम कचना इलाके में रहेजा प्रोजेक्ट की साइट पर चल रहा है। यहां 2 दर्जन से ज्यादा मजदूर काम पर लगे थे।

शनिवार (4 अप्रैल) शाम गुड्डू रवि 8 फीट नीचे गड्ढे में शटरिंग के काम में लगा था, तभी अचानक मिट्टी का मलबा उस पर गिरा और वह जिंदा दफन हो गया, दम घुटने से उसकी जान चली गई।

मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। कारपेंटर झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें बीमारी की सूचना दी गई थी, सच्चाई छिपाई गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। केस में जांच जारी है।

क्लब हाउस की जगह हुआ हादसा

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, कचना इलाके में रहेजा प्रोजेक्ट साइट पर क्लब हाउस का निर्माण हो रहा है। शनिवार को यहां 2 दर्जन से ज्यादा मजदूर काम में लगे हुए थे।

कारपेंटर गुड्‌डू रवि (32) अपने साथियों के शटरिंग के काम के लिए नीचे खोदे गए गड्ढे में उतरा था। जो 8 फीट गहरा है। वह काम कर ही रहा था, उस दौरान एक अन्य साथी पानी पीने के लिए आगे बढ़ा, तभी अचानक मिट्‌टी का ढेर गुड्‌डू पर गिर गया और वो जिंदा दफन हो गया।

साथी कर्मचारियों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन जब तक उसे बाहर निकालते तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी।

मृतक का शव लेने रायपुर पहुंचे भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि, एक महीने पहले बड़ा भाई गुड्डू रवि काम के लिए रायपुर आया हुआ था। संतोष कुमार नाम के ठेकेदार के साथ वह काम में लगा था।

शनिवार दोपहर उससे बात भी हुई थी। शाम चार बजे जब वो दुकान में था, तो गुड्‌डू के फोन से दोबारा कॉल आया। कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि भाई की तबीयत अचानक खराब हो गई है। रायपुर आ जाओ।

परिजनों के साथ जब रायपुर के मेकाहारा पहुंचा तो भाई को मृत हालत में मिला। मेकाहारा में लोकल ठेकेदार मिला, जिसने बताया कि मिट्‌टी के ढेर के नीचे वो दब गया था। इलाज के लिए जब तक उसे अस्पताल पहुंचाते उसने दम तोड़ दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image