टाटीबंध में चाकू लहराने वाला ‘माया’ गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई आमानाका थाना पुलिस की घेराबंदी में दबोचा गया आरोपी, क्षेत्र में अपराधियों पर सख्ती जारी
रायपुर । कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद राजधानी में गुंडागर्दी के खिलाफ पुलिस का सख्त रवैया लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में आमानाका थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सन्नी साहू उर्फ ‘माया’ को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी टाटीबंध स्थित शराब भट्टी के पास खुलेआम चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। उसके इस आक्रामक व्यवहार से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद आमानाका थाना की टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति सामने आई है ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।