क्राइम

शक और प्रेम प्रसंग ने ली जान-5 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार इश्क का खूनी अंजाम: रायपुर में युवक को अधमरा कर जिंदा दफनाया, साजिश में महिला भी शामिल

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में सामने आए एक दिल दहला देने वाले हत्या कांड का खुलासा हो गया है । जानकारी के मुताबिक भरेंगाभाठा-नवागांव मार्ग किनारे स्थित मुरूम खदान में दफन मिले युवक के शव की पहचान नितेश बत्रा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर अधमरी हालत में जिंदा दफना दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात में एक महिला समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की जड़ में प्रेम प्रसंग और आपसी शक की कहानी छिपी हुई है। मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच संबंध थे। 16 मार्च की रात श्याम सुंदर, सावित्री के घर पहुंचा था। इसी दौरान नितेश बत्रा वहां मौजूद था और घर की ओर देख रहा था। इस बात को लेकर श्याम सुंदर और नितेश के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

गुस्से में आकर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और नितेश को जबरन एक ऑटो में बैठाकर सुनसान इलाके की ओर ले गए। खोरपा-खट्टी-ढोढ़ा मार्ग के बीच एक तालाब के पास ले जाकर सभी ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, गले में गमछा कसकर उसे बेहोश कर दिया गया। इसके बाद भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और वे उसे परसुलीडीह-भरेंगाभाठा के बीच स्थित मुरूम खदान में ले जाकर जिंदा ही दफनाकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब खदान क्षेत्र में संदिग्ध हालात में दफन शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन पर गंभीर चोट और जिंदा दफनाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो वाहन, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। वहीं, इस मामले का एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

यह खौफनाक घटना इस बात का उदाहरण है कि कैसे प्रेम, शक और आवेश मिलकर इंसान को हैवानियत की हद तक ले जाते हैं, जहां जिंदगी की कोई कीमत नहीं रह जाती।

Leave Your Comment

Click to reload image