नॉर्थ जोन में पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के लोहे-सरिया के अवैध कारोबार पर कड़ी चोट खमतराई-उरला में ताबड़तोड़ छापे, 10 लाख से ज्यादा का माल जब्त कबाड़ियों में मचा हड़कंप
रायपुर । रायपुर के नॉर्थ जोन में पुलिस ने चोरी के लोहे और सरिया के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित कबाड़ी नेटवर्क की कमर तोड़ने की कोशिश की है। खमतराई और उरला थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस संयुक्त रेड में पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान करीब 10 लाख 42 हजार रुपए से अधिक कीमत का लोहा, सरिया, स्पंज आयरन और कुछ वाहन बरामद किए गए हैं। छापेमारी के दौरान कई आरोपियों को मौके पर ही चोरी का माल छिपाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह इंडस्ट्रियल एरिया से चोरी हुए माल को सस्ते दामों में खरीदकर आगे खपाने का काम करता था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि औद्योगिक इकाइयों से लोहा और सरिया चोरी कर कबाड़ियों के माध्यम से बेचा जा रहा है। इसी आधार पर खमतराई और उरला पुलिस ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर यह कार्रवाई की। वहीं स्थानीय व्यापारियों और उद्योग संचालकों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और इसे जरूरी कदम बताया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और आगे भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभिन्न पुलिस सूत्रों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी से इस बात की पुष्टि होती है कि इंडस्ट्रियल एरिया में लंबे समय से यह अवैध नेटवर्क सक्रिय था। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल है और अन्य कबाड़ी संचालकों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है।