शराबी ड्राइवर ने 2 बच्चों समेत 4 को रौंदा
सूरजपुर
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शराब के नशे में धुत चालक ने कार घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर चढ़ा दी। साथ ही 2 महिलाओं को भी रौंद दिया। हादसे में 2 साल की माही और 3 साल की लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल महिलाओं को अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र के करमपुर गांव का है। घटना शुक्रवार शाम 7 बजे की है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ड्राइवर रामजीत करमपुर गांव के बरपारा का रहने वाला है। वह शराब के नशे में धुत होकर अर्टिगा कार लेकर आ रहा था।
गांव में ही सड़क किनारे ही परिवार रहता है। परिवार की महिलाएं आंगन में बैठी हुई थीं। बच्चे खेल रहे थे, इसी दौरान आरोपी ड्राइवर रामजीत ने मासूमों को कुचल दिया और इसके बाद महिलाओं को भी टक्कर मार दी।
मासूम बच्चियों ने मौके पर दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं को विश्रामपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शराबी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कार को जब्त किया गया है।