दुर्ग-बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़, तमनार के आमाघाट में एक एकड़ खेत से खुलासा
रायगढ़
रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र के आमाघाट इलाके में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब एक एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त किया है। सूचना मिलने के बाद देर रात कार्रवाई शुरू की गई और सुबह तक मौके पर पुलिस, प्रशासन तथा कृषि विभाग के अधिकारी पहुंचकर जांच में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, यह खेती गांव से लगभग 6 से 7 किलोमीटर दूर कचकोबा क्षेत्र के सुनसान और जंगली इलाके में की जा रही थी। दुर्गम भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फसल लगभग पककर तैयार थी और एक बार अफीम की तुड़ाई भी की जा चुकी थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह कार्य कुछ समय से लगातार चल रहा था।
मामले में पुलिस ने मार्शल सांगा नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो मूल रूप से झारखंड का निवासी बताया जा रहा है और पिछले 10-12 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में उसने अफीम की खेती करने की बात स्वीकार की है। जमीन के स्वामित्व, अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मामले में और लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रहे इन घटनाओं ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार की जड़ें गहरी होने की आशंका को बल दिया है, जिसके बाद प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी बीच भाजपा सरकार के एक वरिष्ठ नेता ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने बयान देते हुए कहा कि “यह अवैध खेती आज की नहीं, बल्कि कांग्रेस काल का बोया हुआ बीज है। उस समय ऐसे अवैध कार्यों को पनपने का मौका मिला, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। हमारी सरकार नशा विरोधी अभियान के तहत ऐसे मामलों को खोज-खोज कर उजागर कर रही है और जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
नेता ने आगे कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और आने वाले समय में ऐसे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।