सिरफिरे आशिक ने विवाहिता के पति को मारा चाकू
धमतरी
छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक युवक ने विवाहिता के पति पर चाकू से हमला कर दिया
आरोपी पिछले दो साल से महिला को शादी के लिए परेशान कर रहा था। आरोपी अक्सर कहता था, "मैं तुमसे प्यार करता हूं, तुम्हारे पति को छोड़ दो, वरना मैं खुद को मार लूंगा।"
जानकारी के अनुसार आरोपी सोनू कुमार साहू उर्फ गुनु (25 वर्ष) ओडिशा के जिला सुंदरगढ़ जिला रहने वाला है। उसकी पीड़ित महिला से पुरानी पहचान है। वह पिछले दो वर्षों से शादीशुदा महिला को लगातार गर्लफ्रेंड बनाने के लिए प्रपोज कर रहा था।
साथ ही शादी के बाद उस पर अपने पति को छोड़ने का दबाव बना रहा था। आरोपी बार-बार यह धमकी देता था कि अगर महिला ने उसके प्रपोजल को एक्सेप्ट नहीं किया और पति को नहीं छोड़ा, तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसी बीच गुरुवार की देर रात करीब 1 बजे आरोपी सोनू महिला के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाकर उसे अपने साथ चलने को कहा। जब महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर महिला के पति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने कहा कि महिला का पति उसके और महिला के बीच आ रहा है, इसलिए उसे खत्म कर देगा। हमले में महिला के पति के गले, दोनों हाथों और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया। परिवार की ओर से रुद्री थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे महासमुंद जिले के सिघोड़ा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है। आरोपी सोनू कुमार साहू को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।