क्राइम

विधानसभा व खरोरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई 35 किलो गांजा सहित महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार, खरोरा में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

रायपुर।
रायपुर पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हासिल की है। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सतर्क पुलिस टीम ने एक ओर जहां अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया, वहीं दूसरी ओर खरोरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने लगभग 26 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।

रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 25 जनवरी को विधानसभा थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक कार में सवार तस्कर महासमुंद की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर की ओर आ रहे हैं। बताया गया कि तस्कर महासमुंद पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गए थे।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत के नेतृत्व में आमासिवनी रिंग रोड क्रमांक-03 स्थित ब्रिज के पास नाकेबंदी की गई। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस टीम ने वाहन को पकड़ लिया।

कार से राकेश कुमार गुप्ता (52 वर्ष, ठाणे) एवं अमित सिंह (35 वर्ष, रायगढ़, महाराष्ट्र) को हिरासत में लिया गया। वाहन की तलाशी के दौरान बोरियों में छिपाकर रखे गए 35 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, कार एवं मोबाइल फोन सहित कुल 24 लाख 70 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट एवं लोक संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।

खरोरा पुलिस की शराब माफिया पर कार्रवाई

इसी क्रम में थाना खरोरा पुलिस एवं साइबर क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सारागांव (धरसींवा विधानसभा क्षेत्र) में दबिश दी। पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में मिली मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई में हालेश्वर कुमार साहू एवं चंद्रशेखर साहू को उनके चाचा के बाड़े में अवैध शराब संग्रहित कर बेचते हुए पकड़ा गया।

मौके से 1008 पौवा (181.440 लीटर) देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अजय धीवर स्कूटी के माध्यम से शराब की सप्लाई करता था। पुलिस ने अजय धीवर को भी गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी एवं 19,100 रुपये नकद जब्त किए। कुल जब्त सामग्री की कीमत 1,30,460 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वर्जन

“पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अपराध के विरुद्ध हमारी जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।”
शिवेंद्र राजपूत
थाना प्रभारी, विधानसभा

Leave Your Comment

Click to reload image