शराब पिलाने की जिद की तो दोस्त ने मार-डाला
बालोद
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रेस्टोरेंट संचालक के बेटे की उसके दोस्त ने ही हत्या कर दी। शराब पिलाने की जिद को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। मृतक युवक दोस्त को और शराब पिलाने कह रहा था। कमजोर आर्थिक हालत की वजह से दोस्त पहले से ही टेंशन में था। बार-बार शराब पिलाने की जिद से दोस्त भड़क गया।
गुस्से में आरोपी ने चमड़े के बेल्ट से युवक का गला दबा दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना अर्जुन्दा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, 30 नवंबर की रात 11 बजे दुर्गेश देवांगन उर्फ दादू (27) का शव अर्जुन्दा स्थित दम बिरयानी सेंटर के फर्श पर मिला था।
दुर्गेश लवली रेस्टोरेंट एंड केटर्स और संतोष किराना स्टोर्स के संचालक संतोष देवांगन का इकलौता बेटा था। दुर्गेश के दोस्त उसे अर्जुन्दा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद उसके बचपन के दोस्त पवन कुमार कंवर (27) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शाम 5 से 6 बजे के बीच दुर्गेश देवांगन अपने बचपन के दोस्त पवन कुमार कंवर से मिला। दोनों ने बातचीत की और फिर अन्य दोस्तों के साथ अर्जुन्दा स्थित बिरयानी सेंटर पहुंचे। जहां सभी ने साथ बैठकर शराब पी।
देर रात तक शराब पीने का सिलसिला चलता रहा। रात 10 बजे के बाद कुछ दोस्त शराब लेने बाहर चले गए। इसी दौरान दुर्गेश ने पवन से और शराब पिलाने की बात कही। पैसे नहीं होने की वजह से पवन ने शराब नहीं पिलाई। मामूली बहस बढ़कर विवाद में बदल गई। गुस्से में पवन ने अपने चमड़े का बेल्ट निकाला और दुर्गेश का गला दबा दिया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी 8 दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। लेकिन सभी ने खुद को घटना जानकारी नहीं होना बताया। इसके बाद साइबर टीम ने बिरयानी सेंटर के सामने लगे CCTV फुटेज की जांच की। जिसमें पवन को दुर्गेश का गला घोंटते हुए देखा गया।
आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। आरोपी पवन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।