समाधान सेल की सूचना पर कार्रवाई, अवैध शराब के 03 तस्कर गिरफ्तार
बिहान छत्तीसगढ़ गोविंद राम ब्यूरो चीफ़ बलौदा बाज़ार
पलरी :- पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित महत्वाकांक्षी योजना समाधान सेल लगातार अपराध नियंत्रण में प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर थाना पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर तीन अवैध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने ग्राम कोसमंदी टेंगना नाला के पास गातापार रोड एवं ग्राम रसौटा पुलिया के पास मेन रोड पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध शराब लेकर जा रहे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों से कुल 22.96 बल्क लीटर देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹14,060 बताई जा रही है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त CG11 AW 6139 एवं CG04 PC 0529 दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जप्त की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय बंजारे (19 वर्ष), आकाश धृतलहरे (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कोसमंदी एवं हुमन लाल महिलांग (39 वर्ष) निवासी ग्राम गातापार थाना पलारी के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध थाना पलारी में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्यवाही अग्रिम रूप से जारी है।
गौरतलब है कि समाधान सेल हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक कई सूचना आधारित कार्यवाहियां की जा चुकी हैं, जिनकी बदौलत अपराधियों की धरपकड़ में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, शिकायत या सूचना तुरंत समाधान हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराएं, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।