एक युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के भाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला।
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के भाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला। गुरुवार (30 अक्टूबर) की सुबह 8 बजे लड़की घर पर अकेली थी। तभी युवक उससे मिलने घर पहुंच गया। ये बात जब भाइयों को पता चली तो उन्होंने युवक को पकड़ा लिया।
युवक को इतना पीटा की उसकी जान चली गई। मर्डर में 5 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 3 फरार हैं। घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र की है।
मृतक की मां का आरोप है कि लड़की ही उनके बेटे को बुलाकर अपने साथ ले गई थी। जहां उसे मरवाया गया है। युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। पुलिस मामले में आगे कार्रवाई कर रही है।
खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि खुर्सीपार के रहने वाले सूरज की बहन से विक्की उर्फ धीरज सरोज (25 साल) का प्रेम-प्रसंग था। 30 अक्टूबर की सुबह युवती की मां बाहर गई हुई थी। भाई सूरज भी घर पर नहीं था।
इस बीच युवक ने लड़की को कॉल किया और घर आने की बात कही। युवती ने बार-बार मना किया, लेकिन विक्की नहीं माना और जबरदस्ती घर के अंदर घुस गया। बताया जा रहा है कि इसके थोड़े देर के बाद युवती का भाई घर आ गया।
उसने दोनों को एक साथ देख लिया। इसकी जानकारी लगते ही विक्की ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद सूरज ने अपने मामा के लड़कों को फोन कर बुलाया।
किसी तरह दरवाजा खोलने के बाद सभी ने मिलकर विक्की की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान विक्की को सिर पर ज्यादा गंभीर चोट लगी। इस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
इस मामले में खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि मामले में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। इसमें एक का नाम सूरज है, जिसके घर पर यह पूरी वारदात हुई है। वहीं इस मामले में सूरज के मामा का लड़का सुधांशु और उसके साथ 3 अन्य आरोपी शामिल हैं।
इन सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अभी सुधांशु और सूरज 2 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। बाकी 3 आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है