सोने के लॉकेट और नगदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस की बड़ी सफलता
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस को चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोने के लॉकेट और नगदी रकम चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 नग सोने के लॉकेट बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 मई 2025 को प्रार्थी फुलचंद गेंदले निवासी छुईहा थाना फास्टरपुर-सेतगंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई की रात 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर के बाहर आंगन में सोया हुआ था। सुबह उठने पर उसने देखा कि घर की आलमारी का लॉकर खुला हुआ है और उसमें रखे सोने के लॉकेट, टॉप, मोबाइल और नगदी रकम गायब हैं। कुल चोरी गए सामान की कीमत लगभग 63,000 रुपये आंकी गई। प्रकरण में थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 20/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 23 अक्टूबर 2025 को संदेही गंगाराम दिवाकर निवासी छुईहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पड़ोसी फुलचंद के घर में घुसकर आलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे 8 नग सोने के लॉकेट, नगद 8,000 रुपये तथा टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन चोरी किया।आरोपी ने बताया कि उसने नगदी रकम खर्च कर दी, मोबाइल को तोड़कर तालाब में फेंक दिया और सोने के लॉकेट घर में छिपाकर रखे थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 8 नग सोने के लॉकेट बरामद कर जब्त कर लिए। आरोपी गंगाराम दिवाकर पिता शिवप्रसाद, उम्र 24 वर्ष, निवासी छुईहा थाना फास्टरपुर-सेतगंगा, जिला मुंगेली को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।इस कार्यवाही में उप निरीक्षक गिरिजाशंकर यादव (थाना प्रभारी फास्टरपुर-सेतगंगा), प्रआर दुर्देश ध्रुव, आरक्षक अतुल सिंह एवं तीजराम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।