क्राइम

जुआ खेलते भाजपा नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता समेत 18 गिरफ्तार:

महासमुंद

महासमुंद पुलिस ने रायपुर रोड स्थित बालाजी होटल में बुधवार देर रात छापा मारकर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 7 लाख 64 हजार रुपए कैश, 10 वाहन और 19 मोबाइल जब्त किए गए हैं। पकड़े गए लोगों में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हैं।

सिटी कोतवाली प्रभारी शरद दुबे को बुधवार रात सूचना मिली थी कि कोयला घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के करीबी अजय नायडू के बालाजी होटल में जुए का अड्डा चल रहा है। इस सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने एक टीम गठित की और गुरुवार रात करीब 1.30 बजे होटल की तीसरी मंजिल पर बने हॉल में दबिश दी।

मौके पर भाजपा के वार्ड नंबर- 19 के पार्षद पति जसमीत बादल मक्कड़, आम आदमी पार्टी से निष्कासित अभिषेक जैन, कांग्रेस से जुड़े ग्राम पंचायत खरोरा के सरपंच के बेटे कुणाल चंद्राकर, कांग्रेस नेता के भतीजे रणवीर सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ता मेहुल सूचक सहित कुल 18 लोग ताशपत्ती खेलते हुए पाए गए।

पुलिस ने मौके से 7 लाख 64 हजार रुपए कैश, 19 मोबाइल और अलग-अलग जगहों पर खड़े 10 वाहन जब्त किए। सभी आरोपियों को जुआ एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया। इनमें से भाजपा पार्षद पति जसमीत बादल मक्कड़ और कांग्रेस कार्यकर्ता मेहुल सूचक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया था। हालांकि, बाद में दोनों को एसडीएम कोर्ट से जमनात मिल गई।

बालाजी होटल के संचालक अजय नायडू, जो हिमालय पार्क निवासी हैं, छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले के किंगपिन सूर्यकांत तिवारी के बेहद करीबी माने जाते हैं। इस घोटाले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अजय नायडू के घर पर भी छापा मारा था।

बताया जा रहा है कि होटल में संदिग्ध गतिविधियां होती रहती थी, लेकिन राजनीतिक रसूख के कारण कोई कार्रवाई नहीं होती थी। पुलिस के मुताबिक, अजय नायडू खुद पैसे लेकर होटल में जुए का संचालन कर रहा था।

Leave Your Comment

Click to reload image