क्राइम

हत्या की नियत से चाकूबाजी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, सरगांव पुलिस की बड़ी सफलता

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़ )

। पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सरगांव पुलिस ने हत्या की नियत से चाकू से हमला करने वाले आरोपियों को मात्र 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार चाकू और एक मोटर साइकिल भी जब्त की है। थाना सरगांव क्षेत्र के ग्राम सल्फा में 22 अक्टूबर की रात लगभग 9:30 बजे यह घटना घटी। पीड़ित पवन वर्मा निवासी सरगांव अपने साथियों लक्की साहू और रोशन यादव के साथ ताला गांव मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे।

इसी दौरान सल्फा माहामाया मंदिर के पास तेजेश्वर गिरी गोस्वामी ने उन्हें देखकर बिना कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर उसने अपने भाइयों भुनेश्वर गिरी और पवन गिरी को बुलाकर तीनों ने मिलकर तीनों युवकों के साथ मारपीट की।

बताया गया कि इस दौरान भुनेश्वर गोस्वामी ने अपने पास रखे चाकू से पवन वर्मा, लक्की साहू और रोशन यादव पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायल युवकों को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही सरगांव थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपराध क्रमांक 170/25 धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों के घर ग्राम सल्फा में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम –
1️⃣ तेजेश्वर उर्फ तरूण गिरी गोस्वामी पिता हेमगिरी, उम्र 21 वर्ष
2️⃣ पवन गिरी गोस्वामी पिता हेमगिरी, उम्र 24 वर्ष
3️⃣ भुनेश्वर उर्फ पिंटू गिरी गोस्वामी पिता हेमगिरी, उम्र 26 वर्ष
सभी निवासी ग्राम सल्फा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली। आरोपियों से धारदार चाकू और एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल (सीजी-28 एच-1244) जब्त कर ली गई है। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस सफलता में सउनि. धर्मेन्द्र शर्मा, प्रआर. सतीश डहरिया, आर. रिपीन बनर्जी, रामू निषाद और भंवरलाल ध्रुव की भूमिका सराहनीय रही।

Leave Your Comment

Click to reload image