PM की मन की बात नहीं सुनी...प्राइवेट-पार्ट पर मारी लात
रायपुर
रायपुर में PM मोदी की मन की बात नहीं सुनने पर बीजेपी OBC मोर्चा के अध्यक्ष उदय वराड़े ने दुर्गा मंदिर के पुजारी के प्राइवेट पर लात मारी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित पुजारी का नाम ऋषि तिवारी है, जो EWS कॉलोनी शिवाजी रेसीडेंसी कमल विहार सेक्टर में रहता है। मारपीट के बाद FIR नहीं लिखी जा रही थी, जिसके बाद कांग्रेसियों ने थाने में जमकर हंगामा किया। इसके बाद FIR हुई है।
दरअसल,कमल विहार सेक्टर निवासी ऋषि तिवारी जोरा के दुर्गा माता मंदिर में पूजा कराकर लौट रहे थे, तभी उदय वराड़े और उनके समर्थक शिवाजी रेसीडेंसी गार्ड रूम के पास लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रधानमंत्री की मन की बात सुन रहे थे।
इस दौरान ऋषि ने कार्यक्रम सुनने से मना कर दिया। उदय ने पुजारी से बदसलूकी की और गालियां दीं। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के प्राइवेट पार्ट समेत हाथ में गंभीर चोटें आईं।
पुजारी ने बताया कि पंकज शर्मा जब थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की, तो स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। थाने में लगभग तीन घंटे तक पुलिस और नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोपी उदय वराड़े के खिलाफ FIR की मांग की।
पुजारी ऋषि तिवारी ने बताया कि मारपीट के बाद वह टिकरापारा थाना पहुंचे। शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। वे लगभग डेढ़ घंटे थाने में बैठे रहे।
वहीं पुरानी बस्ती CSP राजेश देवांगन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी उदय वराड़े के खिलाफ FIR दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बयान लेने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।