ऑपरेशन बाज के तहत अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार, 30 पाव देशी शराब जब्त
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़)
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन पर जिले में “ऑपरेशन बाज” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना पथरिया क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन और बिक्री करने वालों पर बड़ी कार्यवाही की गई।
22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि पथरिया से जुनवानी की ओर स्कूटी से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर साइबर सेल और पथरिया पुलिस की टीम ने जुनवानी रोड पर कान्हा किराना दुकान के पास घेराबंदी कर आरोपी प्रभू साहू (22 वर्ष), निवासी धरदेई थाना पथरिया को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 22 पाव देशी प्लेन शराब और 8 पाव मसाला शराब, कुल 30 पाव (5.400 बल्क लीटर) कीमती 2650 रुपये जब्त किए गए। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी मेस्ट्रो (सीजी 22 एल 5502) काली रंग, कीमत 40 हजार रुपये भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 42,650 रुपये आँकी गई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील बंछोर, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।